धर्मों का परिचय

विलायत मे रहते हुए मुझे कोई एक साल हुआ होगा। इस बीच दो थियॉसॉफिस्ट मित्रो से मेरी पहचान हुई। दोनो सगे भाई थे और अविवाहित थे। उन्होंमे मुझसे गीता की चर्चा की। वे एडविन आर्नल्ड की गीता का अनुवाद पढ रहे थे। पर उन्होंने मुझे अपने साथ संस्कृत में गीता पढ़ने के लिए न्योता। मैं शरमाया, क्योकि मैने गीता संस्कृत में या मातृभाषा में पढ़ी ही नहीं थी। मुझे उनसे कहना पड़ा कि मैंने गीता पढ़ी ही नहीं पर मैं उसे आपके साथ पढ़ने के लिए तैयार हूँ। संस्कृत का मेरा अभ्यास भी नहीं के बराबर ही हैं। मैं उसे इतना ही समझ पाऊँगा कि अनुवाद मे कोई गलत अर्थ होगा तो उसे सुधार सकूँगा। इस प्रकार मैने उन भाईयों के साथ गीता पढ़ना शुरु किया। दूसरे अध्याय के अंतिम श्लोको मे से

ध्यायतो विषयान्पुंसः संगस्तेषूपजायते।
संगात्संजायते कामः कामात्क्रोधोत्तभिजायते।।
क्रोधाद् भवति सम्मोहः सम्मोहात्स्मृतिविभ्रमः।
स्मृतिभ्रंशाद् बुद्धिनाशो बुद्धिनाशात्प्रणश्यति।।